रायगढ़ - - शिक्षा के क्षेत्र में समाज सेवा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए श्री गुरु नानक हाई स्कूल, रायगढ़ ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विद्यालय प्रबंधन ने घोषणा की है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के ऐसे मेधावी विद्यार्थी, जो आगे की पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं, उन्हें विद्यालय में कक्षा 6वीं से लेकर 10वीं तक में निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी।

इस योजना का उद्देश्य उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपनी पढ़ाई जारी रखने में असमर्थ हैं। विद्यालय ऐसे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करेगा। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि चयन मेरिट एवं आर्थिक स्थिति के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अनुरोध है कि वे निर्धारित समयावधि में विद्यालय कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया प्राप्त करें। विद्यालय के प्रबंधक मंडल ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह पहल समाज के जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली बच्चों के लिए एक नई आशा का द्वार खोलेगी तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने का अवसर प्रदान करेगी। कोई भी प्रतिभा केवल आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे” — इसी उद्देश्य के साथ श्री गुरु नानक हाई स्कूल यह सामाजिक एवं शैक्षणिक पहल कर रहा है। वहीं इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए श्री गुरुनानक हाई स्कूल, दीनदयाल पुरम फेस-1,छोटे अतरमुड़ा, टी.वी.टावर रोड,रायगढ़। फोन न. 9827936069,8770425265 में संपर्क कर सकते हैं।










