इंडियन मेडिकल एसोसिएशन रायगढ़ की शानदार पहल रायगढ़ - - बच्चों के ग्रीष्म महीना के पल को यादगार बनाने व उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने और उनके बौद्धिक विकास को प्रखर बनाने के पवित्र उद्देश्य के साथ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन रायगढ़ अध्यक्ष डॉ प्रभात पटेल व सचिव डॉ राजकुमार गुप्ता के विशेष मार्गदर्शन में सभी सदस्यगण शहर के नटवर स्कूल के आंतरिक परिसर में विगत 10 मई को बेहद खुशनुमा माहौल में सात दिवसीय भव्य निःशुल्क समर कैंप का शुभारंभ हुआ। जहाँ सैकड़ों बच्चे योग, विज्ञान, सनातन धर्म, स्वास्थ्य ज्ञान, पेंटिंग, डांस सहित अनेक विधा का ज्ञानार्जन योग्य प्रशिक्षकों के सानिध्य में ले रहे हैं।

फर्स्ट एड की दी गई जानकारी - - निःशुल्क प्रशिक्षण कैंप की विस्तृत जानकारी देते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन रायगढ़ अध्यक्ष डॉ प्रभात पटेल, सचिव डॉ राजकुमार गुप्ता ने बताया कि यह कार्यक्रम कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चों को सनातन धर्म संस्कृति, योग, विज्ञान, स्वास्थ्य शिक्षा व बौद्धिक ज्ञान से जोड़कर उनकी प्रतिभा को निखारने के पवित्र उद्देश्य के साथ किया जा रहा है। वहीं इस कार्यक्रम के अंतर्गत सुबह 6 से सात बजे तक योगा, 7 से 7.30 तक धर्म ज्ञान, 7:30 से 8.30 तक हौबी क्लास जिसके अंतर्गत डांस कत्थक, ओडिसी, पेंटिंग, रंगोली का कार्यक्रम होगा। इसी तरह 8.30 से 9 बजे तक बच्चों व उनके पैरेंट्स को फर्स्ट एड हेडिंग, सीपीआर ट्रेनिंग, डाइट टिप्स, कैरियर काउंसलिंग व प्रतिदिन प्रार्थना करने की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। वहीं आज के कार्यक्रम के अन्तर्गत बच्चों को डॉ संजीव पुरकायस्थ ने उपस्थित सभी बच्चों को फर्स्ट एड के बारे में विस्तृत जानकारी दी। जिसे बच्चों ने ध्यान से सुना और उसके महत्व को जाना।
तराश रहे प्रशिक्षक - - सात दिवसीय निःशुल्क समर कैंप में सुबह सात बजे से लगभग 100 बच्चे भाग ले रहे हैं और आयत डांस एकेडमी प्रशिक्षिका तब्बू परवीन, कोआर्डिनेटर गजेंद्र प्रताप सिंह ठाकुर और पेंटिंग प्रशिक्षिका शिवांगी पटेल के सानिध्य में अपनी प्रतिभा को तराश रहे हैं।वहीं इस निःशुल्क समर प्रशिक्षण कैंप का भव्य आयोजन होने से शहर के बच्चों में अपार उत्साह देखा जा रहा है।

कैंप को दे रहे भव्यता - - कार्यक्रम को सफल बनाने में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन रायगढ़ अध्यक्ष डॉ प्रभात पटेल, सचिव डॉ राजकुमार गुप्ता सहित सभी सदस्यगण व विश्व हिंदू परिषद के सभी सदस्यगण बहुमूल्य योगदान दे रहे हैं।









