रायगढ़ - - भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए सामाजिक सरोकारों में अग्रणी संस्था जेसीआई रायगढ़ सिटी की महिला विंग द्वारा आज स्थानीय सब्जी मंडी स्थित श्री श्याम मंदिर के पास शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों सहित लगभग एक हजार से अधिक लोगों को ठंडा और मीठा शरबत पिलाकर राहत पहुंचाई गई। इस सेवा कार्य की खास बात यह रही कि संस्था ने पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह वर्जित रखा। जेसीआई रायगढ़ सिटी महिला विंग की अध्यक्ष प्रीति अग्रवाल और सचिव मधु अग्रवाल ने बताया कि प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को देखते हुए शरबत पिलाने के लिए केवल कागज के गिलासों (पेपर कप) का ही इस्तेमाल किया गया, ताकि स्वच्छता और पर्यावरण का संरक्षण सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम की सफलतापूर्वक संपन्नता में प्रोग्राम डायरेक्टर कीर्ति अग्रवाल की मुख्य भूमिका रही। इस सेवा कार्य में महिला विंग की 15 से अधिक सदस्यों ने सक्रिय रूप से उपस्थित रहकर अपनी सेवाएं दीं। राहगीरों ने भी भीषण गर्मी के बीच संस्था के इस प्रयास की सराहना की।उक्त जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से संस्था के पीआरओ जेसी सुमन दत्ता ने दी।









