शहर में गुरुनानक जयंती प्रकाश पर्व की खुशी में निकली भव्य शोभायात्रा

वाहे गुरु मंत्र से गुंजायमान हुआ शहर

रायगढ़ - -  कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर सिक्खों के प्रथम गुरु गुरुनानक देव की जयंती प्रकाश पर्व को बड़ी श्रद्धा व उत्साह के साथ ऐतिहासिक ढंग से पूरे देश में मनाया जाता है। इस बार भी गुरुनानक देव जी की 556 वीं जयंती प्रकाश पर्व को शहर के गुरु सिंग सभा व सिक्ख समाज के सभी श्रद्धालुओं ने प्रकाश पर्व के पूर्व यादगार ढंग से मनाया। जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

निकली ऐतिहासिक शोभा यात्रा - - प्रकाश पर्व के पूर्व शहर में सिक्ख समाज के श्रद्धालुओं ने पंज प्यारे की अगुआई में आज शाम छह बजे भजन कीर्तन, आतिशबाजी और गुरुनानक देव के जयकारे के साथ जंजघर से भव्यता के साथ शोभा यात्रा निकाली। जिसमें समाज के सभी उम्र के लोगों ने बड़ी श्रद्धा से भाग लिया। प्रकाश पर्व की खुशी में निकाली गई शोभा यात्रा में समाज के सिख युवा सदस्यों ने शहर के हर चौक चौराहों में हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। जिसे देखकर शहरवासी मंत्रमुग्ध हो गए। वहीं नगर कीर्तन शोभा यात्रा का शहर के हर चौक चौराहों में आत्मीय स्वागत किया। शोभा यात्रा पूरे शहर का परिभ्रमण करते हुए गौशाला रोड़ स्थित मंगलम पहुंची। इसके पश्चात गुरु का अटूट लंगर हुआ। जिसमें लोगों ने गुरुदेव का प्रसाद ग्रहण किया।

आज मंगलम में दीवान कीर्तन - - सचिव हर्षपाल सिंग बग्गा ने बताया कि आज 4 नवंबर को रात आठ बजे से साढ़े दस बजे तक मंगलम में विशेष कीर्तन दीवान का आयोजन होगा जिसमें पटियाला की सुप्रसिद्ध भजन गायिका बीबी जसप्रीत कौर व भाई दीपक सिंग हजुरी रागी जत्था रायगढ़ छ.ग अपने सुमधुर भजन कीर्तन की मनभावन प्रस्तुति से निहाल करेंगे।

5 को मंगलम में कीर्तन समागम - - गुरुनानक देव जयंती प्रकाश पर्व की खुशी में कार्तिक पूर्णिमा 5 नवंबर को शहर के मंगलम में सुबह 11 से 2.30 बजे तक विशेष कीर्तन दीवान का आयोजन होगा। इसी तरह सर्व समाज के लोगों के लिए गुरुदेव का अटूट लंगर दोपहर 12 बजे से होगा जो अनवरत चलता रहेगा। जिसमें प्रसाद ग्रहण कर सभी समाज के लोग पुण्य के भागी बनेंगे। वहीं रात 9.45 बजे से 12.30 बजे तक विशेष कीर्तन दीवान होगा। गुरुनानक जयंती प्रकाश पर्व के भव्य धार्मिक आयोजन को भव्यता देने में गुरुसिंग सभा गुरुद्वारा के अध्यक्ष महेंदर सिंग राजपाल, उपाध्यक्ष प्रीतपाल सिंग मल्होत्रा, प्रीतपाल सिग टूटेजा, गुरुपाल भल्ला, सतपाल सिंग बग्गा,गुरविंदर घई, तरनजीत सिंग, अमरजीत बाधवा, हरमीत घई, स्त्री सत्संग बीबी नीरा छाबड़ा  सचिव हर्षपाल सिंग बग्गा सहित गुरुसिंग सभा के सभी सदस्यगण और शहर के सिख समाज के सभी सदस्यगण जुटे हैं।

SK
previous arrow
next arrow
rising
previous arrow
next arrow

Most Popular

You cannot copy content of this page