लोचन नगर महाकाल टीम के बच्चों ने बाँटे फिर मिठाई
रायगढ़ - - भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी में जहां पूरा अंचल भक्ति के सागर में डूबा रहा। वहीं, रायगढ़ के लोचन नगर में बच्चों की टोली ने भी बड़े ही उत्साह के साथ दही मटकी फोड़ते हुए और श्रद्धा से कान्हा की पूजा कर उनका बर्थडे मनाया। महाकाल टीम के इन नन्हें बच्चों ने न केवल धमाचौकड़ी मचाई, बल्कि मिठाई बांटते हुए श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व को यादगार ढंग से मनाया।
कान्हा के रुप ने सभी को किया मुग्ध - - आज 16 अगस्त की देर शाम शहर के लोचन नगर स्थित रानी बिटिया बाल उद्यान के पास का नजारा देखने लायक रहा। कॉलोनी के हरेक सकारात्मक कार्यों में सक्रिय रहने वाले बच्चों की टोली ने महाकाल टीम बनाई है। नन्हें फरिश्तों की इस क्यूट टीम में शिवांश देवांगन, सृजन नामदेव, धैर्य टांक, प्रियांश पैकरा, प्रिंस प्रभाकर प्रमुख रूप से शामिल हैं। भगवान श्रीकृष्ण की वेशभूषा में अर्पित देवांगन और भव्या देवांगन ने राधा बनकर लोगों का मन मोह लिया।
खुशी से फोड़े दही मटकी - - कृष्ण जन्माष्टमी पर्व की खुशी में बच्चों की महाकाल टीम ने माखन, दूध, दही, शक्कर, शहद, घी, केला, सेब, नारियल, चॉकलेट को मटकी में भरकर उसे रस्सी से बांधा। फिर, गोल घेरा लगाकर “नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की” का जयकारा लगाते हुए, जब मटकी फोड़ी तो बाल टोली के सदस्यों के चेहरे में गजब की खुशी दिखी। चूंकि, बच्चों की महाकाल टीम का यह पहला मटकी फोड़ कार्यक्रम रहा। इसलिए 10 रोज पहले से बाल टोली ने तन, मन और धन से तैयारी करते हुए अपनी पूरी ऊर्जा झोंक दी थी। वहीं यह कहना लाजिमी है कि कृष्ण जन्माष्टमी के बहाने ही सही, मगर लोचन नगर के इन नन्हें फरिश्तों ने मटकी फोड़ उत्सव में एकता की जो बानगी पेश की वह बेहद ही तारीफ-ए-काबिल है।











