रायगढ़ - - 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस महज एक दिवस नहीं, अपितु हमारी धरती माता के प्रति हमारे कर्तव्य का प्रमुख स्मरण है। दिन ब दिन बढ़ता तापमान, घटता जलस्तर और दूषित हवा हमें चेतावनी दे रहे हैं कि अब भी यदि हम जागरुक नहीं तो भावी पीढ़ी के लिए भयावह स्थिति निर्मित हो सकती है। यह कहना है शहर के बीजेपी महिला मोर्चा कार्यालय मंत्री श्रीमती विनिया कारमोरे का।

पौधों से ही जीवन है - - उन्होंने पर्यावरण दिवस पर शहर के सिंदूर पार्क में पौधारोपण करने के पश्चात अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करते हुए कहा कि हर नागरिक आज एक पौधा लगाकर संकल्प लें कि उसकी देखभाल अपने बच्चे की तरह करेगा। पेड़ ही ऑक्सीजन की फैक्ट्री हैं जो हमारी सांसों को शुद्ध रखते हैं। प्लास्टिक का त्याग, जल संरक्षण और कचरा प्रबंधन को अपनी दिनचर्या बनाएं। ताकि सभी को स्वस्थ व निरोगमय जीवन की प्राप्ति हो।
पौधारोपण व संरक्षण का लें संकल्प - - हम कैसी धरती अगली पीढ़ी को सौंपना चाहते हैं? प्रदूषित, बंजर या हरी-भरी, खुशहाल? यह निर्णय केवल हमारा है। इसलिए जन्मदिन, वर्षगांठ या किसी भी खुशी के मौके पर या फिर अपनों की याद में पौधारोपण करने की परंपरा हम सभी मिलकर शुरू करें।साथ ही उन पौधों का संरक्षण भी करें। तभी भावी पीढ़ी का भविष्य भी खुशहाल रहेगा।











