बच्चों व विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों व मनभावन प्रस्तुति से कार्यक्रम में लगाया चार चाँद
रायगढ़--अभिमन मेमोरियल एजुकेशन सोसाइटी, रायगढ़ द्वारा संचालित राइजिंग किड्स इंग्लिश मीडियम स्कूल एवं अभिमन डी.एड. कॉलेज, कुसमुरा में 77वां गणतंत्र दिवस गरिमा, उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया।



राष्ट्रगान से शुभारंभ - - कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिससे संपूर्ण परिसर देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो गया।इस अवसर पर संस्था के संचालक अरुण कातोरे , प्राचार्या श्रीमती अनुषा कातोरे एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।वहीं कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने हेतु ऑल इंडिया लॉयंस क्लब से मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती अनिता कपूर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती आरती तिवारी ज श्रीमती मीरा पासवान, श्रीमती अंजु बंसल,बसंती सरकार एवं विनय कारमोरे की गरिमामयी उपस्थिति रही। देशभक्ति की खूबसूरत सांस्कृतिक प्रस्तुति - - विद्यालय एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को प्रभावित किया। गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, एकता और संविधान के मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत देकर कार्यक्रम में चार चाँद लगाए।

देश की सर्वोच्च शक्ति है गणतंत्र - - वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संचालकअरुण कातोरे ने गणतंत्र का अर्थ स्पष्ट करते हुए कहा कि गणतंत्र वह व्यवस्था है जिसमें देश की सर्वोच्च शक्ति जनता के पास होती है तथा संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार एवं कर्तव्य प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।इसी तरह मुख्य अतिथि श्रीमती अनिता कपूर ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यार्थियों को आशीर्वचन प्रदान कर निरंतर प्रगति के लिए प्रेरित किया।

चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता - - वहीं इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हेतु पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे बालिकाओं में आत्मविश्वास एवं सृजनात्मकता को बढ़ावा मिला। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या श्रीमती अनुषा कातोरे मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों, संस्था प्रबंधन, शिक्षकगण, स्टाफ एवं विद्यार्थियों का सहृदय आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति निष्ठा, एकता एवं अखंडता बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।








