छत्तीसगढ़ में बनीं फिल्म 'आरजे बस्तर' की स्क्रीनिंग आज फ्रांस के कान में
रायगढ़ - - छत्तीसगढ़ में बनीं फिल्म 'आरजे बस्तर' की स्क्रीनिंग कल 17 मई को फ्रांस के प्रतिष्ठित फिल्मी शहर कान में होने जा रही है। युवा निर्देशक मनीष मानिकपुरी की यह फिल्म वहां 'मार्चेड्यू फिल्म कान 2026' के अंतर्गत प्रदर्शित होगी। 'आरजे बस्तर' की टीम से ज्यादातर लोग स्क्रीनिंग के दौरान कान में मौजूद रहेंगे। हालांकि निर्देशक मनीष अपरिहार्य कारणवश नहीं जा रहे हैं। मनीष ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से इस फिल्म की स्क्रीनिंग की जानकारी साझा करते हुए सभी का आभार जताया है। मनीष इससे पहले 'आलाप', 'मार डारे मया म' और 'गुईयां' जैसी फिल्में निर्देशित कर चुके हैं। मनीष के मुताबिक 'आरजे बस्तर' छत्तीसगढ़ में बनीं ऐसी पहली फिल्म है, जिसकी स्क्रीनिंग कान में हो रही है। मनीष ने बताया कि उनकी फिल्म बस्तर के गाँव में रहने वाली एक लड़की गोमती की कहानी है। गोमती एक रेडियो जॉकी (आरजे) को अपना आदर्श मानते हुए उसके रेडियो प्रोग्राम को सुनकर, उसके जैसा ही बेहतरीन आरजे बनने का सपना लिए होती है, पर यह सपना कैसे पूरा होगा उसे खुद नहीं मालूम क्योंकि उसे इसके लिए गाँव से शहर तक का रास्ता खोजकर, चलकर, पहुँचकर अपने लक्ष्य को पाना है। फिल्म प्रमुख कलाकारों में 'पंचायत' फेम चंदन रॉय, नेहा साहू, चित्राशी रावत और हर्ष राजपूत हैं। वहीं छत्तीसगढ़ से संजय महानंद, पुष्पेंद्र सिंह, संगीता निषाद, आरती नगरे, पवन गुप्ता, अनुनय शर्मा और आशीष झा ने भी अभिनय का जादू जगाया है। फिल्म के निर्माता पवन कुमार सिंह रायगढ़ के हैं।
क्रिएटिव प्रोड्यूसर पूनम सिंह और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर स्वाति मानिकपुरी हैं। आरजे बस्तर की टीम में स्क्रीनप्ले और डायलॉग-राजीव सराफ, मनीष मानिकपुरी डायरेक्टर ऑफ़ फोटोग्राफी-गौरव सदोरिया, एडिटर- मनीष मानिकपुरी, संगीतकार-सौरभ कुमार महतो, गीतकार- देवेश तिवारी, पार्श्वगायन अनुराग शर्मा, शान, कृष्णा बेउरा, आर्ट- बेनेडिक्ट फ्रांसिस, क्रिएटिव डायरेक्टर - बॉबी सोनी और एसोसिएट डायरेक्टर- परम जीत सिंह हैं।







