रायगढ़ - - छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा घोषित हाई स्कूल मुख्य परीक्षा 2026 के परिणामों ने इस वर्ष सक्ति जिले के विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता की एक नई गाथा लिखी है। इसी गौरवशाली कड़ी में, सक्ति जिले के ग्राम सरजूनी की होनहार छात्रा वैशाली पटेल ने परीक्षा में शानदार अंकों के साथ प्रथम श्रेणी में सफलता अर्जित कर अपने माता-पिता, गुरुजनों और पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। वैशाली पटेल ने अपनी शैक्षणिक दक्षता और एकाग्रता का परिचय देते हुए कुल 448 अंक प्राप्त किए हैं। उनकी सफलता की सबसे बड़ी विशेषता कठिन विषयों पर उनकी मज़बूत पकड़ रही। वैशाली के मुख्य विषयों का प्राप्तांक हिन्दी में 91,सामाजिक विज्ञान में 80,गणित में 79 अंक के साथ विशेष योग्यता हासिल की है। हिंदी भाषा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक और गणित जैसे तार्किक विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उन्हें विशेष योग्यता की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया है। ग्रामीण परिवेश में सीमित संसाधनों के बावजूद वैशाली का यह प्रदर्शन उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है।
खाकी वर्दी पहनकर देश सेवा का जज्बा - - हाई स्कूल परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाली वैशाली पटेल ने अपनी भविष्य की योजनाओं को लेकर अपना लक्ष्य स्पष्ट कर दिया है। वैशाली का सपना है कि वह बड़ी होकर पुलिस विभाग में शामिल हों और खाकी वर्दी पहनकर देश व समाज की सेवा करें। वैशाली का मानना है कि पुलिस सेवा के माध्यम से वह न केवल कानून व्यवस्था को मजबूत करने में अपना योगदान दे पाएंगी, बल्कि समाज की सुरक्षा और न्याय के लिए भी काम कर सकेंगी। वैशाली पटेल के पिता सुरेश कुमार पटेल और माता श्रीमती रेवती पटेल अपनी लाड़ली की इस उपलब्धि पर गदगद हैं। परिवार में उत्सव का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। वैशाली पटेल के पिता सुरेश कुमार पटेल ने कहा कि वैशाली बचपन से ही पढ़ाई के प्रति अनुशासित और गंभीर रही है। उसने बिना किसी अतिरिक्त दबाव के नियमित रूप से अपनी तैयारी की। यह सफलता उसकी दिन-रात की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। वैशाली पटेल की माता श्रीमती रेवती पटेल ने अपनी बेटी की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि वैशाली शुरू से ही होनहार रही है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय बेटी की एकाग्रता और नियमित अध्यापन को देते हुए कहा कि बेटियों को यदि अवसर मिले, तो वे आसमान छू सकती हैं।पढ़ाई के प्रति समर्पित कर दिया था। देर रात तक जागकर पढ़ना और अपनी समस्याओं को खुद सुलझाने की उसकी आदत ने ही उसे इस मुकाम तक पहुँचाया है। मैं चाहती हूँ कि वह आगे भी इसी तरह मेहनत करे और समाज की अन्य बेटियों के लिए एक मिसाल बने।
प्रेरणा का स्रोत बनीं वैशाली--ग्राम सरजूनी और आसपास के क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं शिक्षकों ने वैशाली की इस उपलब्धि की सराहना की है। स्थानीय शिक्षाविदों का कहना है कि वैशाली की यह सफलता क्षेत्र की अन्य छात्राओं के लिए एक प्रेरणा स्रोत बनेगी। वैशाली पटेल ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और परिश्रम में ईमानदारी हो, तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है। अपनी इस उपलब्धि पर वैशाली ने अपने गुरुजनों और माता-पिता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया है।








