मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया ‘वन्दे मातरम्’ के ऑडियो पोस्टर का विमोचन

रायगढ़ – – केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ को लेकर लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के बाद छत्तीसगढ़ में देशभक्ति का एक नया अध्याय शुरू हो गया है। भारत सरकार द्वारा अनुमोदित 3 मिनट 10 सेकंड की तय सीमा वाले राष्ट्रगीत के ऑडियो को ए ई सिनेमा ने अपने यूट्यूब चैनल पर जारी किया है, जिसका भव्य विमोचन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा रायगढ़ प्रवास के दौरान किया गया।

रायगढ़ सर्किट हाउस में आयोजित सामाजिक प्रमुखों के साथ संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रगीत के इस विशेष पोस्टर को जारी किया। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश के कद्दावर नेता व वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, शहर महापौर जीवर्धन चौहान और सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रमुख अनुपम पॉल मौजूद रहे। इस प्रस्तुति के लिए दूरगामी सोच रखने वाले ए ई सिनेमा के सुप्रीमो संजय अग्रवाल एवं आकाश अग्रवाल भी मौजूद रहे । केंद्र सरकार के इस प्रस्ताव के पारित होते ही प्रदेश में सर्वप्रथम इस ऑडियो का संयोजन प्रख्यात संगीतकार अमित प्रधान ने किया , जिसमें स्वर: सुप्रसिद्ध गायक तारक नाथ पॉल ने दिया है। उल्लेखनीय है केंद्र सरकार के नए नियमों में अब सभी सरकारी और औपचारिक कार्यक्रमों में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ से पहले ‘वन्दे मातरम्’ का गायन/वादन अनिवार्य होगा।
ए ई सिनेमा के प्रचार प्रसार प्रमुख फिल्म कलाकार तरुण बघेल ने बताया कि ”बदलते दौर में ए ई सिनेमा अब नए कलेवर के साथ दर्शकों के बीच है। सोनू निगम, कुमार शानू , नितिन मुकेश, अलका याग्निक, मोहम्मद अजीज जैसे दिग्गजों के साथ काम करने का हमारा अनुभव अब स्वस्थ मनोरंजन के साथ यहां की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने हेतु छालीवुड और बॉलीवुड के बीच एक नए सेतु का निर्माण करेगा।” बदलते दौर में ‘ए ई कैसेट्स’ से बदलकर ‘ए ई सिनेमा’ करने के बाद यह ग्रुप अब जल्द ही मुंबई और छालीवुड के दिग्गज गायकों के साथ नए ऑडियो-वीडियो प्रोजेक्ट्स दर्शकों के लिए ‘स्वस्थ मनोरंजन’ के उद्देश्य से लॉन्च किए जाएंगे। साथ ही बड़े पैमाने पर फिल्म निर्माण की योजना प्रस्तावित है।




