भारतीय गौरवशाली विरासत को समर्पित रहा, दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल का वार्षिक समारोह का भव्य आयोजन

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री ओपी चौधरी हुए शामिल
रायगढ़ – – विगत 23 दिसंबर को दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में वार्षिक समारोह का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं सांस्कृतिक वैभव के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस वर्ष विद्यालय की वार्षिक विषय-वस्तु “भारत की गौरवशाली विरासत : कालजयी प्रतीकों को श्रद्धांजलि” निर्धारित की गई थी, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपनी बहुआयामी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय संस्कृति, देशभक्ति की भावना, आधुनिक शिक्षा तथा तकनीकी नवाचारों के सुंदर एवं सशक्त समन्वय को मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

विशिष्ट अतिथियों का आत्मीय सम्मान – – इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के माननीय वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ. पी. चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जीवर्धन चौहान , महापौर, रायगढ़ नगर निगम ,वीर शहीद विप्लव त्रिपाठी के माता-पिता श्रीमती आशा त्रिपाठी एवं सुभाष त्रिपाठी,, श्रीमती पूनम सोलंकी, एम.आई.सी. सदस्य, तथा श्रीमती ज्योति यादव, काउंसलर, रायगढ़ नगर निगम समारोह में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरणादायक एवं स्मरणीय बना दिया। विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर सभी अतिथियों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

दीप प्रज्वलन से शुभारंभ – – कार्यक्रम का शुभारंभ दीप मंत्र एवं गणेश वंदना के साथ हुआ, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया। तत्पश्चात विद्यालय गीत की मनोहारी प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों में गौरव की अनुभूति जागृत की। स्वागत गीत के माध्यम से मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का आत्मीय अभिनंदन किया गया। सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़िए – – मुख्य अतिथि वित्त मंत्री ओपी चौधरी रायगढ़ विधायक ओ. पी. चौधरी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के संघर्षों एवं अनुभवों को अत्यंत सरल एवं प्रभावशाली ढंग से साझा किया। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहने का संदेश दिया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा असफलताओं से निराश न होकर उन्हें सफलता की सीढ़ी बनाने की प्रेरणा दी। साथ ही विद्यालय के अनुशासित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास की सराहना करते हुए कहा कि यह विद्यालय भविष्य में निरंतर प्रगति करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।

शहीदों को दी गई विनम्र श्रद्धांजलि – – वीर शहीद विप्लव त्रिपाठी की माता श्रीमती आशा त्रिपाठी जी ने भाव-विभोर होते हुए विद्यालय की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों के परिश्रम, समर्पण एवं टीमवर्क की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों से यह कार्यक्रम अत्यंत सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं सफल बना है। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम के दौरान वीर शहीदों को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि की विशेष सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, सम्मान एवं कर्तव्यबोध की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


मनभावन कार्यक्रम की प्रस्तुति – – सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में ‘नाद संवाद’ ने शास्त्रीय संगीत की गहराई एवं लयात्मक सौंदर्य को मंच पर सजीव कर दिया। इसके पश्चात डिफेंस थीम पर आधारित प्रस्तुति ने देश की रक्षा में लगे वीर जवानों के शौर्य, त्याग एवं समर्पण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। सभी शिक्षकों ने “अमर विरासत” को समर्पित भावपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से अतीत की महान विरासत, मूल्यों एवं संस्कारों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विद्यालय की प्रगति एवं उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रधानाचार्या महोदया डॉ. प्रिया सिंह द्वारा प्रस्तुत वार्षिक प्रतिवेदन के माध्यम से दिया गया, जिसमें शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक, खेलकूद एवं नवाचारों के क्षेत्र में विद्यालय की उल्लेखनीय उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। इसी तरह कार्यक्रम में कार्टून डांस, क्लासिकल फ्यूजन तथा ‘भारत की वीरांगनाएँ’विषयक नृत्य-नाटिका ने दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की। वहीं के.जी.–II के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कठपुतली (पपेट) शो ने अपनी मासूमियत एवं रचनात्मकता से सभी का मन मोह लिया।


प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत – – इसके पश्चात आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में शैक्षणिक, खेलकूद एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। भाषा विभाग, विज्ञान तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से संबंधित प्रस्तुतियों ने आधुनिक शिक्षा प्रणाली में नवाचार एवं तकनीकी दक्षता के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बनाते हुए शिव तांडव की ओजस्वी प्रस्तुति ने आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को जाग्रत किया। खेल, विज्ञान तथा बॉलीवुड मैशअप जैसी प्रस्तुतियों ने समारोह में विशेष उत्साह एवं रंग भर दिए।

पूनम सोलंकी ने कार्यक्रम की सराहना – – श्रीमती पूनम सोलंकी ने कार्यक्रम के अनूठेपन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि यह अत्यंत नवीन सोच पर आधारित, सबसे अलग एवं विशिष्ट प्रस्तुति रही। उन्होंने कार्यक्रम के सुसंगठित स्वरूप एवं प्रभावी संचालन की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके अनुसार यह आयोजन विद्यालय की रचनात्मकता, उत्कृष्ट योजना एवं अनुशासन का सशक्त उदाहरण है।वहीं समारोह का समापन राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ। यह वार्षिक समारोह न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा का उत्सव था, बल्कि विद्यालय के मूल्यों, अनुशासन, सांस्कृतिक चेतना एवं आधुनिक दृष्टिकोण का जीवंत प्रतिबिंब भी सिद्ध हुआ। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल का यह भव्य आयोजन सभी उपस्थित जनों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।



