रायगढ़– कल 18 सितंबर को आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या में भारतीय शास्त्रीय नृत्य, लोक संगीत और भक्ति परंपरा की विविध छटाएं देखने को मिलेंगी। शाम 5 बजे से आयोजित कार्यक्रम में देश और प्रदेश के ख्यात कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियों से होगी। शाम 5 से 6 बजे तक बिलासपुर की अंजनी मिश्रा, रायगढ़ की अनंता पांडे और रायपुर की सुश्री शारवी सिंह परिहार कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। इसके बाद शाम 6 से 6.30 बजे तक बिलासपुर की श्वेता नायक 15 सदस्यीय दल के साथ कुचिपुड़ी नृत्य की प्रस्तुति देंगी। शाम 6.30 से 7.15 बजे तक मणिपुर से पधारे डॉ. मंजू इलंगबम अपने चार सदस्यीय दल के साथ मणिपुरी नृत्य की प्रस्तुति देंगी। वहीं शाम 7.15 से 7.45 बजे तक उज्जैन की डॉ. खुशबू पांचाल एकल कथक प्रस्तुति से मंच को शास्त्रीय नृत्य के रंगों से सजाएंगी।

कबीर गायन और लोक संगीत रहेगा विशेष आकर्षण
सांस्कृतिक संध्या का प्रमुख आकर्षण पद्मश्री सम्मानित डॉ. भारती बंधु रात 8.15 से 9.15 बजे तक अपने पांच सदस्यीय दल के साथ कबीर भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके पश्चात रात 9.15 बजे से 11.30 बजे तक श्री अनुराग शर्मा अपने 30 सदस्यीय कलाकार दल के साथ लोक संगीत की प्रस्तुति देंगे।







