रायगढ़ आईसीएआई की शाखा ने अग्रवाल फूड इंडस्ट्रीज का किया भ्रमण

सीए के विद्यार्थियों ने जाना उद्योग जगत की कार्यप्रणाली रायगढ़ – – इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की अग्रणी रायगढ़ शाखा ने अग्रवाल फूड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के पोल्ट्री एवं कैटल फीड मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण का सफल आयोजन किया। इस शैक्षणिक भ्रमण में सीए के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उद्योग जगत की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का प्रयास किया।

राष्ट्रगान से शुभारंभ – – वहीं इस संदर्भ में विस्तृत जानकारी देते हुए शाखा अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल सीए ने बताया कि औद्योगिक भ्रमण में सर्वप्रथम संस्थान के कार्यालय में राष्ट्र गान के साथ से शुभारंभ किया गया। उसके बाद अग्रवाल फूड इंडस्ट्रीज की डायरेक्टर सुनीता अग्रवाल ने सभी छात्राओं को गुलाब का फूल भेंट कर तथा रोली से तिलक लगाकर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। तत् पश्चात चेयरमैन राजेश अग्रवाल ने आईसीएआई की रायगढ़ शाखा के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया। इस कार्यक्रम में संस्था की शाखा के अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, वरिष्ठ सी.ए. बालकिशन केडिया,सचिव मानस बंसल, उपाध्यक्ष संजय सोनी, सी.ए. दीपक गर्ग, सी.ए. विनय गोयल, सी. ए .नितेश अग्रवाल, सी.ए.शुभम अग्रवाल, सी.ए. राहुल अग्रवाल तथा वरिष्ठ अधिवक्ता विशाल सारस्वत शामिल रहे। वहीं कंपनी के डायरेक्टर राहुल अग्रवाल ने भी सभी अतिथियों और विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

विद्यार्थियों ने दिया प्रजेंटेशन – – इस अवसर पर सी.ए. तेजस्वी अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं के लिए लगभग 30 मिनट का पी.पी.टी. प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। उन्होंने सी.ए. की पढ़ाई के दौरान आने वाली चुनौतियों, उनके समाधान तथा भविष्य में पेशेवर जीवन में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उनका यह मार्गदर्शन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और उपयोगी सिद्ध हुआ। भ्रमण कार्यक्रम की खासियत – – कार्यक्रम की मुख्य विशेषता फैक्ट्री का प्रत्यक्ष भ्रमण रहा। कंपनी के डायरेक्टर राहुल अग्रवाल ने स्वयं उपस्थित रहकर विद्यार्थियों को प्लांट की पूरी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने पोल्ट्री एवं कैटल फीड के उत्पादन की प्रक्रिया, मशीनरी संचालन, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग प्रणाली और व्यवसायिक प्रबंधन की विभिन्न बारीकियों को सरल एवं व्यावहारिक ढंग से समझाया। छात्रों ने मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के अंदर जाकर उत्पादन प्रक्रिया को नजदीक से देखा और उद्योग संचालन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।वहीं भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को इन्वेंट्री मैनेजमेंट, स्टॉक नियंत्रण, लागत प्रबंधन तथा औद्योगिक संचालन से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी भी दी गई। इससे छात्रों को यह समझने में मदद मिली कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी का ज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि उद्योग और व्यवसाय के संचालन में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

छात्र छात्राओं का किया गया सम्मान – – वहीं कार्यक्रम के अंत में अग्रवाल फूड इंडस्ट्रीज के डायरेक्टरों द्वारा सभी छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और उपयोगी बताया।संस्था की रायगढ़ शाखा के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, जिससे वे भविष्य में एक सफल और सक्षम चार्टर्ड अकाउंटेंट बन सकें। ‘दि अग्रवाल ग्रुप’ के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ और सभी ने इसके लिए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।



