बोल बम और ऊँ नमः शिवाय से गुंजित हुआ शिवालय

श्रद्धालुओं ने किया श्रद्धा से जलाभिषेक
रायगढ़ – – हिंदू धर्म में सावन महीना को अति पवित्र माना गया है। भगवान शिव को यह महीना अत्यधिक प्रिय होने के कारण इस महीना और सोमवार के दिन का विशेष महत्व है। मान्यता है कि व वैदिक शास्त्रों में उल्लेख भी है कि जो भक्तगण पूरे सावन महीना भगवान शिव को जलाभिषेक करते हैं। उनकी सभी मनोकामना भगवान शिव क्षण भर में पूरी करते हैं। वहीं पूरे जगत व ब्रम्हांड में महादानी महादेव से भी भगवान शिव की प्रसिद्धि है। यही कारण है कि देवता, असुर, गंधर्व व मनुष्य सभी उनकी विशेष आराधना पूजा अपने कल्याण के लिए करते हैं। विगत 21 जुलाई से सावन का महीना प्रारंभ हो गया है और आज सावन का पहला सोमवार रहा जिसकी खुशी में शहर के हजारों शिव भक्तों ने अपनी मनोरथ पूरी करने के लिए शहर के सभी शिवालयों में भगवान शिव को श्रद्धा से जलाभिषेक किया। वहीं सभी शिवालय और समूचा अंचल बोल बम व ऊँ नमः शिवाय के पवित्र मंत्र से गुंजित हो गया।

शिवालयों में लगा रेला – – पवित्र सावन महीने में भगवान शिव की विशेष पूजा भक्तगण करते हैं। शहर में भी धार्मिक माहौल रहता है। वहीं आज पहले सावन सोमवार की खुशी में श्रद्धालुओं ने शहर के भगवान गौरीशंकर मंदिर, निकले महादेव, पहाड़ मंदिर और बाबा सत्यनारायण धाम में हजारों भक्तों ने भगवान शिव को श्रद्धा का जलाभिषेक किया और इन पवित्र स्थानों में सुबह से रात तक दर्शन पूजन करने भक्तों का जन सैलाब उमड़ा। साथ ही पवित्र मंत्र ऊँ नमः शिवाय, बोल बम के जयकारे से गुंजित हो गया।
रुद्राभिषेक यज्ञ का आयोजन – – सावन माह के पहले सोमवार को रुद्राभिषेक यज्ञ का आयोजन भक्तगण वैदिक काल से करते आ रहे हैं। मान्यता है कि इस यज्ञ को करने अति जल्द भगवान शिव प्रसन्न होते हैं। इसलिए इस यज्ञ का महत्व अधिक है। आज सावन सोमवार का पहला दिन रहा और भक्तगण पूजा के विशेष सामग्रियों से अपनी मनोरथ पूरी करने शिवालयों में रुद्राभिषेक यज्ञ का आयोजन कर पुण्य के भागी भी बने।
हजारों श्रद्धालुगण पहुंचे बाबा धाम – – – कोसमनारा स्थित बाबा सत्यनारायण धाम में यूं तो हर दिन भक्तों का रेला लगता है मगर सावन महीने में भक्तों की संख्या में काफी इजाफा होता है। वहीं बाबा सत्यनारायण धाम में भक्तों के जलाभिषेक दर्शन – पूजन का सिलसिला रात तक चलता रहा वहीं हजारों भक्तों ने भगवान शिव के श्री चरणों में जलाभिषेक किया। राज्य के अतिरिक्त अन्य राज्यों से भी आज बाबा धाम पहुंचे और दर्शन पूजन उन्होंने किया। बाबा धाम में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। वहीं पहले सावन सोमवार की खुशी में रात में भजन – कीर्तन का आयोजन किया गया। जिसका सभी भक्तों ने देर रात तक आनंद लिया।

हुआ भजन कीर्तन – – – आज शिव मंदिर भरत कूप मे भजन-कीर्तन शाम 5 बजे से 8 बजे तक मन्दिर महिला समिति द्वारा भजन-कीर्तन किया गया। वहीं पवित्र सावन महीना के सोमवार दिन को भगवान शिव की पूजा अर्चना करने के बाद सभी शिवालयों व घरों में प्रसाद वितरण किया गया। रात में कई शिवालयों में भजन कीर्तन का आयोजन भी किया गया। जिसका श्रद्धालुओं ने देर रात तक आनंद लिया।
