लल्ला हुए प्रकट जग में, बरसे फूल, बजे नगाड़े

श्याम बगीची परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव की रही धूम

रायगढ़ – – आज विश्व में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को बड़ी श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। यूँ लगा कि इस घोर कलयुग के समय में सचमुच सबके लाडले कान्हा आज धरा में पुनः अवतरित हुए हैं। श्री कृष्ण जन्माष्टमी महापर्व को ऐतिहासिक एवं यादगार ढंग से शहर के श्याम बगीची परिसर स्थित श्री श्याम मंदिर में अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल लेन्ध्रा के विशेष मार्गदर्शन में भव्यता के साथ अनवरत पांच दिनों तक मनाया जा रहा है। जिसकी सर्वत्र सराहना हो रही है। श्री श्याम मंदिर और बनाए गए मनभावन पंडाल की खूबसूरती को देखकर लोग मुग्ध हो रहे हैं। वहीं आज अर्द्ध रात्रि में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव अलौकिक श्रृंगार कर, फूलों व इत्र की वर्षा, माखन मिश्री का भोग व श्री कान्हा का प्रिय खीरा और पंजरी का भोग लगाकर मधुर शंख ध्वनि, घंटाल व श्री राधे – राधे के जयकारे के साथ मनाया गया जिससे उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को यूँ लगा कि आज सचमुच में श्री श्याम मंदिर में प्रभु कान्हा का अवतरण हुआ है।

श्री श्याम मंदिर में जन्मोत्सव की रही धूम – – सचिव सुनील अग्रवाल वकील ने बताया कि आज मंदिर परिसर को और भी खूबसूरत ढंग से भव्यता दी गई जो हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं शाम होते ही पूजा – अर्चना की तैयारी में सभी सदस्यगण जुटे थे व अर्द्ध रात्रि के पूर्व सभी भक्तों की खुशियां देखते ही बन रही थी वे भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की खुशी में भाव – विभोर होकर सुप्रसिद्ध भजन गायक संजय अग्रवाल के मधुर भजन – गीतों के साथ झूम रहे थे। जैसे ही अर्द्ध रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का क्षण आया उपस्थित सभी भक्तगण श्री राधे का जयकारा करने लगे। इसके पश्चात मंदिर के पंडित शंकर महाराज और पं अमित शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अलौकिक श्रृंगार किए हुए कान्हा प्रभु की पूजा – अर्चना व महाआरती की व श्री श्याम मंदिर परिसर मधुर शंख ध्वनि, घंटाल व जय – जयकारे से गूंजित हो गया ।इसके पश्चात उपस्थित सभी भक्तों ने जन्मोत्सव की खुशी में प्रभु श्री कान्हा को 56 भोग, माखन मिश्री उनके प्रिय पंजरी और खीरे का भोग अर्पित कर केक भी काटे। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।

किया गया लाइव प्रसारण – – कार्यक्रम प्रभारी आनंद गर्ग व जयप्रकाश गोयल एवं सचिन बंसल ने बताया कि श्री श्याम मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को बड़ी श्रद्धा से ऐतिहासिक एवं यादगार ढंग से मनाया गया। वहीं श्रद्धालुओं को घर बैठे दर्शन – पूजन व झांकियों का अवलोकन करने का आनंद लेने के लिए पहली बार लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई। जिसकी भी लोग सराहना कर रहे हैं।




तीन लाख श्रद्धालुगण कर चुके दर्शन – दीपक मित्तल कोषाध्यक्ष ने बताया कि अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल लेन्ध्रा के विशेष मार्गदर्शन में महज दस दिन के अल्प समय में ही श्याम बगीची परिसर में विशाल खूबसूरत वाटरप्रूफ पंडाल बनाए गए हैं और शानदार व्यवस्था की गई है। जहाँ 18 मनभावन जीवंत झांकियां लगाई गई हैं। जिसे देखकर हर उम्र के लोग मुग्ध हो रहे हैं और अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल की कार्यशैली की लोग दिल से सराहना कर रहे हैं। वहीं विगत 24 से 27 अगस्त तक लगभग तीन लाख श्रद्धालुगण दर्शन – पूजन कर चुके हैं और दूर – दूर से सुबह से रात तक दर्शन करने श्रद्धालुगण अपने परिवार के साथ पहुंच रहे हैं।




आकर्षित कर रही स्वचालित झांकियां – – श्याम बगीची परिसर में मनभावन झांकियों के अंतर्गत मंदिर परिसर में तीन झांकियां लड्डू गोपाल, राधा – कृष्ण, बांके बिहारी की लगाई गई हैं। इसी तरह विशाल वाटर प्रूफ बनाए गए पंडाल में भगवान गणेश, कान्हा दही बिलोवन, कालिया मर्दन, गीता उपदेश, सुदर्शन चक्र, श्री कृष्ण जन्म सहित अनेक मनभावन स्वचालित झांकियां लगाई गई हैं। वहीं विशेष आकर्षण भगवान रामजी, राधाकृष्ण, श्री कृष्ण महारास, भोला बने मदारी की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र है। जिसे देखकर हर श्रद्धालुओं का मन अत्यंत पुलकित हो रहा है।
कलेक्टर व एसपी ने किया दर्शन – – आज जन्माष्टमी महापर्व के पावन दिन शाम चार बजे कलेक्टर कार्तिकेय गोयल व एसपी दिव्यांग पटेल, एसडीएम प्रवीण तिवारी अपने परिवार के साथ श्री श्याम मंदिर पहुँचे जहां अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल लेन्ध्रा, सुनील अग्रवाल लेन्ध्रा व सभी श्री श्याम मंडल के सदस्यों ने उनका श्याम दुपट्टे से आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात दर्शन – पूजन कर परिसर में लगाई गई मनभावन जीवंत झांकियों का करीब से अवलोकन कर व प्रसाद ग्रहण कर अति मुग्ध हो गए। वहीं कलेक्टर कार्तिकेय गोयल, एसपी दिव्यांग पटेल, एसडीएम प्रवीण तिवारी ने श्री श्याम मंडल अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल लेन्ध्रा व सभी सदस्यों को भव्य आयोजन व शानदार व्यवस्था के लिए बधाई दी।


श्याम बगीची में दर्शन करने पहुंचे ओपी चौधरी – – आज शाम साढ़े सात बजे छत्तीसगढ़ के वित्तमंत्री रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल श्याम बगीची मंदिर पहुँचे जहां अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल लेन्ध्रा, सुनील लेंध्रा और श्याम सदस्यों ने श्याम दुपट्टा से आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात वे श्री श्याम मंदिर पहुँचकर पूजा अर्चना किए तत्पश्चात परिसर में लगाई गई मनभावन झांकियों का अवलोकन कर श्री श्याम मंडल के सभी सदस्यों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी। वहीं श्री श्याम मंडल द्वारा आयोजित पांच दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी झूला उत्सव के आयोजन व व्यवस्था की बेहद सराहना की।

परिसर में शानदार सुरक्षा व्यवस्था – – श्याम बगीची परिसर में दर्शनार्थ करने आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा व व्यवस्था के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल लेन्ध्रा ने बताया कि श्याम बगीची परिसर में 15 हजार स्क्वेयर फीट में भव्य वाटरप्रूफ पंडाल बनाए गए हैं। साथ ही पूरे परिसर को सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी से अपडेट किया गया है ताकि दर्शनार्थ करने आए श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना ना करना पड़े।वहीं विगत 24 अगस्त से भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी महापर्व को ऐतिहासिक एवं यादगार ढंग से मनाया जा रहा है व झांकियों की प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुला है। इसी तरह पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन, यातायात विभाग व मीडिया बंधुओं साथ ही अन्य सहयोगियों का भी सकारात्मक सहयोग मिल रहा है इसके लिए सभी को विशेष धन्यवाद है।


लाखों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण – – श्री श्याम मंडल उपाध्यक्ष कैलाशचंद्र बेरीवाल सदस्य मुकेश गोयल ने बताया कि पूरे पांच दिनों तक आने वाले श्रद्धालुओं को भगवान श्री कृष्ण का महाप्रसाद वितरण किया जा रहा है।आज 26 अगस्त को परिसर के समक्ष श्री श्याम सखी मंडल की महिला श्रद्धालुओं ने अध्यक्ष श्रीमती बबीता लेंध्रा के मार्गदर्शन में सदस्यों ने आज 71 सवामनी का भोग श्याम बाबा को अर्पित कर श्रद्धालुओं को खिचड़ी प्रसाद का वितरण किए हैं जहाँ अब तक लाखों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा से प्रसाद ग्रहण किया। वहीं वहीं 27 को श्याम अखाड़ा दीवाने प्रसाद वितरण करेंगे और 28 को श्री श्याम मंडल के सदस्यगण भोजन का वितरण करेंगे। जिसकी तैयारी में सभी जुटे हैं।इसी तरह श्याम रसोई की व्यवस्था में समाजसेवी सुनील बंसल एसएस, एवं गजेंद्र अग्रवाल पवित्र मन से सभी पुलिस प्रशासन, एनसीसी के लिए भोजन थाली की व्यवस्था की गई है। जिसकी सभी सराहना कर रहे हैं।
आयोजन को भव्यता देने में जुटे सदस्यगण – – पांच दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी महापर्व मेला उत्सव को भव्यता देने में श्री श्याम मंडल अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल लेन्ध्रा, सचिव सुनील अग्रवाल वकील, उपाध्यक्ष कैलाशचंद्र बेरीवाल, सह सचिव विजय बंसल, कोषाध्यक्ष दीपक मित्तल, कार्यकारिणी सदस्य अनिल गर्ग, बसंत पालीवाल, डॉ गौतम शर्मा, गजेंद्र गर्ग, जगदीश अग्रवाल, लक्ष्मी नारायण शर्मा, महेश सिंघानिया, नरेंद्र रतेरिया, नितेश अग्रवाल, शिव थवाईत। आनंद गर्ग, विनोद अग्रवाल, दीपक गर्ग, गुलाब डालमिया, हर विलास अग्रवाल, हेमंत शर्मा, जयप्रकाश गोयल, कैलाश सावडिया, कमल अग्रवाल, ललित बोंदिया, महावीर अग्रवाल, मुकेश गोयल, टिंकू अग्रवाल, राजेन्द्र केडिया, राजेश बोरवेल, रवि शर्मा, सचिन बंसल, संजय अग्रवाल, सुनील बंसल सहित अनेक सदस्यगण जुटे हैं।इसी तरह सहयोगी संस्था श्याम सरकार, श्याम सखी मंडल, श्याम महिला इकाई, श्याम दीवाने अखाड़ा परिसर, श्याम रसोई व रायगढ़ के सभी श्याम प्रेमियों का सकारात्मक सहयोग मिल रहा है। वहीं अनवरत पूरे कार्यक्रम का संचालन मुकेश गोयल शानदार ढंग से कर रहे हैं।


