रामलीला मैदान में होगा 17 से 24 अगस्त तक महिला समन्वय का अखंड जाप
रायगढ़ – – पवित्र श्रावण मास में पूरा रायगढ़ शिवमय होने जा रहा है। महिला समन्वय, रायगढ़ द्वारा जन कल्याण, विश्व शांति और आध्यात्मिक चेतना के लिए सात दिवसीय भव्य अखंड “ॐ नमः शिवाय जाप” का आयोजन किया जा रहा है। यह लगातार चौथा वर्ष है जब शहर में यह महाअनुष्ठान होगा। सेवा भारती समिति के मार्गदर्शन में यह आयोजन आगामी 17 से 24 अगस्त तक शहर के स्थानीय रामलीला मैदान, रायगढ़ में पूर्ण निष्ठा और भव्यता के साथ संपन्न होगा। आयोजन की विस्तृत जानकारी संघ कार्यालय, सुदर्शन कुंज, कोतरा रोड में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई।
भव्य आयोजन की खासियत – – धार्मिक भव्य सात दिवसीय अखंड जाप आगामी 17 से 24 अगस्त तक रामलीला मैदान में ‘ॐ नमः शिवाय’ महामंत्र का जाप दिन-रात निरंतर चलेगा। वहीं जाप के साथ प्रतिदिन विशेष भजन संध्या का आयोजन होगा। इस महाअनुष्ठान में शहर की विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक संस्थाएं, महिला-पुरुष और हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे।वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल पांडाल, बैठने, पीने के पानी और सुरक्षा की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई है।
महिला समन्वय का आह्वान– महिला समन्वय रायगढ़ ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि पावन श्रावण मास भगवान भोलेनाथ की साधना का सर्वश्रेष्ठ समय है। ‘ॐ नमः शिवाय’ केवल एक मंत्र नहीं, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा का अटूट स्रोत है। हम रायगढ़ के सभी सम्मानित नागरिकों, माताओं एवं बहनों से विनम्र आग्रह करते हैं कि वे अधिक से अधिक संख्या में रामलीला मैदान पहुंचकर पुण्य के भागी बनें।



