रायगढ़ - - नवापारा (करतला)में विगत 31 मई। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत नवापारा (चैनपुर) में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के तत्वावधान में "तम्बाकू रोको जागरूकता अभियान" का आयोजन किया गया। वहीं इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी सुरेश पटेल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को तम्बाकू एवं धूम्रपान से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत स्वास्थ्य विभाग एवं ग्राम स्वास्थ्य समिति के सदस्यों द्वारा ग्रामीणों को तम्बाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देकर की गई। इस दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता भुवन राठिया ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि तम्बाकू का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है। यह कैंसर, हृदय रोग, टीबी, फेफड़ों की बीमारी, उच्च रक्तचाप सहित अनेक गंभीर एवं जानलेवा रोगों का प्रमुख कारण है। उन्होंने लोगों से तम्बाकू एवं अन्य नशे की आदतों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।अभियान के दौरान स्वास्थ्य मितानिनों एवं समिति सदस्यों ने हाथों में जागरूकता बैनर एवं संदेश पट्टिकाएं लेकर गांव में जनजागरूकता संदेश प्रसारित किया। उन्होंने लोगों को तम्बाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए इसके सेवन से होने वाली सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी हानियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं, बच्चों, स्वास्थ्य समिति के सदस्यों एवं मितानिनों ने एकजुट होकर सामूहिक शपथ ली कि वे स्वयं तम्बाकू एवं अन्य नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे। सभी ने स्वस्थ, स्वच्छ एवं नशामुक्त गांव के निर्माण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एमटी महाबीर ने कहा कि तम्बाकू की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि विश्व तम्बाकू निषेध दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने ग्रामीणों से तम्बाकू सेवन करने वालों को समझाने तथा युवाओं को इस लत से बचाने में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में मितानिन सुशांति यादव, रजनी केवट, मनटोरी बाई, कोईतमा बाई सहित पंचायत प्रतिनिधि, ग्राम स्वास्थ्य समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने तम्बाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ने का पहला कदम तम्बाकू और नशे से दूरी बनाना है तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में जागरूक होना ।







