पुत्री शाला रायगढ में यातायात सुरक्षा जागरूकता अभियान
रायगढ़ - - सेवा कार्यो मे अग्रणी लॉयंस क्लब रायगढ़ दिव्य ऊर्जा के तत्वावधान में यातायात सुरक्षा पर जागरूकता अभियान का आयोजन पुत्री शाला में अध्यक्ष विनिया कारमोरे और सक्रिय सदस्य लॉयन रीता श्रीवास्तव के प्रयास से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी सुब्रत बैनर्जी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में यातायात नियमों की महत्ता, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, सड़क संकेतों की जानकारी, दोपहिया व चारपहिया वाहनों की सावधानियों सहित अनेक महत्वपूर्ण व उपयोगी जानकारियाँ सरल एवं प्रभावी तरीके से साझा कीं।

विद्यार्थियों ने इस जानकारी को उत्साहपूर्वक ग्रहण किया। वहीं इस अवसर पर लॉयन अनीता कपूर ने विद्यालय प्रबंधन एवं पुलिस विभाग का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सुरक्षित यातायात संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।लायंस क्लब रायगढ़ दिव्य ऊर्जा भविष्य में भी समाजहित में इस प्रकार के सेवा व जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।








