रायगढ़ - राष्ट्रीय मजदूर नेता सम्माननीय नगर पालिका के प्रथम अध्यक्ष रहे तोड़ाराम जोगी की स्मृति में पिछले 8 वर्षों से लगातार फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। बड़े हर्ष की बात है कि इस वर्ष भी वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ियों के मार्ग दर्शन पर तीन दिवसीय 7 " ए" साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 16 जनवरी से 18 जनवरी तक होने जा रहा है। वंडर ब्वॉज अकादमी के संचालक शारदा सिंह गहलोत ने बताया कि रायगढ़ में स्वाधीनता सेनानी तोड़ाराम जोगी फुटबॉल प्रेमी रहे हैं। उस समय उन्होंने शहर के मैदानों को खेलने योग्य बनाकर खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ाया था। उन्होंने खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का उदेश्य रहा है।

इसी उद्देश्य से स्वाधीनता सेनानी तोड़ाराम जोगी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन विगत कई वर्षों से किया जा रहा है। इस वर्ष भी नटवर स्कूल मैदान में फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह फुटबॉल प्रतियोगिता बच्चों को खेल में रुचि और बच्चों को खेल हेतु मजबूती से तैयार करने का एक अवसर प्रदान करता है। इसलिए इसमें दो वर्ग में पहले 12 वर्षीय बच्चे और दूसरे में 14 वर्षीय बच्चों को मैच खिलाया जा रहा है ताकि बच्चों में फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़े और इससे उन्हें खेल का अनुभव भी प्राप्त होगा। वहीं कार्यक्रम अध्यक्ष लक्की गहलोत ने कहा कि फुटबॉल खेल विलुप्त की कगार पर है व लोग फुटबॉल खेल को भूलते जा रहे हैं। हमारा उद्देश्य फुटबॉल खेल को आगे बढ़ाने का है। फुटबॉल प्रतियोगिता होने से खेल प्रेमियों को प्रतियोगिता का आनंद लेने का अवसर मिलता है उन्होंने वरिष्ठ खेल प्रेमियों से आग्रह किया है कि फुटबॉल प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में आकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाए उन्हें खेल हेतु प्रेरणा दे।








