रायगढ़– साहित्य एवं काव्य के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय काव्य वाटिका द्वारा रायगढ़ के जाने-माने साहित्यकार संतोष कुमार पैंकरा को उनके साहित्यिक योगदान के लिए गोल्डन जुबली सम्मान से सम्मानित किया गया।
मधुर काव्य पाठ ने बांधा समां – – वहीं इस अवसर पर बोइरदादर में प्राकृतिक सौन्दर्य से विभूषित अमृत तुल्य वातावरण में सम्मान कार्यक्रम रखा गया। वरिष्ठ सजल साधिका अरुणा साहू, डा. सुधा देवांगन ‘सुचि’ और डा. आशा मेहर किरण’ के संयोजन में कार्यक्रम की रूपरेखा बनीं तथा कलाकार कल्याणी मुकर्जी, प्रखर प्रवक्ता दिव्या पाण्डेय, रश्मि वर्मा, स्वाति पड्या, लिशा पटेल ‘दिव्य’, सरोज साव ‘कमल’ कन्हैयालाल गुप्ता, राकेश देवांगन, धनेश्वरी देवांगन ‘धरा’, की उपस्थिति रही और काव्य पाठ कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

साहित्यकार श्री पैंकरा को दी गई बधाई – – श्री पैंकरा के साहित्य के प्रति समर्पण, रचनात्मक सक्रियता एवं हिंदी साहित्य के संवर्धन में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त होने पर साहित्यकारों एवं काव्य प्रेमियों ने श्री पैंकरा जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर काव्य वाटिका परिवार ने कहा कि साहित्यकारों का सम्मान नई पीढ़ी को साहित्य-सृजन के लिए प्रेरित करता है। ऐसे आयोजन साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ रचनाकारों के उत्साह को भी नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। संतोष कुमार पैंकरा ने सम्मान के लिए काव्य वाटिका परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा और जिम्मेदारी दोनों है। वे भविष्य में भी साहित्य की सेवा एवं समाज को सकारात्मक दिशा देने वाली रचनाओं के माध्यम से अपना योगदान देते रहेंगे।
कवि आनंद ने किया बेहतरीन संचालन – – बेहतरीन संचालन आनंद सिंघनरी ने किया और आभार प्रदर्शन जाने माने चित्रकार मनोज श्रीवास्तव ने किया।
काव्य वाटिका परिवार एवं साहित्यप्रेमियों, डा. अजय पटनायक,साधना मिश्रा, पूर्णिमा चौधरी, सहित साहित्यकारों ने उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की मंगलकामना की।







