रायगढ़ – – सांस्कृतिक प्रकोष्ठ भाजपा छत्तीसगढ़ ने लोककला एवं पंडवानी गायन की महान विभूति, पद्मश्री सम्मान से अलंकृत तीजन बाई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रदेश संयोजक अनुपम पाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि तीजन बाई ने अपनी विलक्षण प्रतिभा, ओजस्वी वाणी और अद्भुत प्रस्तुति के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति एवं पंडवानी कला को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। उनका संपूर्ण जीवन भारतीय लोककला, संस्कृति और परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि तीजन बाई का निधन केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि समूचे देश की सांस्कृतिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी कला, साधना और सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। सांस्कृतिक प्रकोष्ठ भाजपा छत्तीसगढ़ ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके असंख्य प्रशंसकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता है।









