गजमार पहाड़ पर विराजित होगी भव्य 51 फुट बजरंग बली की खूबसूरत कॉंस्य की प्रतिमा

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया विधिवत भूमिपूजन रायगढ़। शहर के प्रसिद्ध आस्था का केंद्र गजमार पहाड़ मंदिर में 7 मई की शाम को धार्मिक माहौल में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने सुप्रसिद्ध पं रविभूषण शास्त्री और वेदपाठी सुयोग्य पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार व विधि-विधान से कलयुग के अजर अमर देवता हनुमान जी की पूजा अर्चना कर प्रस्तावित 51 फीट ऊंची भव्य कांस्य बजरंगबली प्रतिमा स्थापना के लिए विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अरुणधर दीवान, गुरूपाल भाषा, सामाजिक संगठनों के सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए। जय श्री राम से गुंजायमान हुआ गजमार - - पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर 'जय श्री राम' और 'जय बजरंगबली' के जय घोष से गुंजायमान हो गया। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा भक्तिमय वातावरण बना रहा। वहीं शाम चार बजे से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब दर्शन पूजन के लिए उमड़ा जो रात आठ तक चलता रहा।

बंशी वट में महाभंडारा - - पूजा-अर्चना के पश्चात विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ब्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भूमिपूजन कार्यक्रम के पश्चात वित्तमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ केवल औद्योगिक और सांस्कृतिक पहचान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले समय में धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि गजमार पहाड़ पर स्थापित होने जा रही 51 फीट ऊंची कांस्य बजरंगबली प्रतिमा रायगढ़ के लिए गौरव का विषय होगी। लगभग 10 टन वजनी यह प्रतिमा जनसहयोग से निर्मित की जाएगी, जो शहरवासियों की आस्था और सहभागिता का प्रतीक बनेगी। आस्था का केंद्र है गजमार - - वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि पहाड़ मंदिर पहले से ही श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अब भव्य प्रतिमा स्थापना के बाद यह स्थल प्रदेश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों में शामिल होगा। इससे न केवल धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन, रोजगार और छोटे व्यापारों को भी नई गति मिलेगी। धार्मिक स्थलों का विकास केवल आस्था से जुड़ा विषय नहीं है. बल्कि यह सामाजिक और सांस्कृक्तिक एकता को भी मजबूत करता है।

सभी के प्रति किए आभार प्रकट - - वित्त मंत्री श्री चौधरी ने इस कार्य में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग से बनने वाली यह प्रतिमा समाज की सामूहिक शक्ति और श्रद्धा का प्रतीक होगी। श्रद्धालुओं में इस भव्य प्रतिमा को लेकर विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधिगण व सदस्यगण एवं शहर के श्रद्धालुगण शामिल हुए।

नवस्वरुप में हो रहा विकसित - - समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गजमार पहाड़ी स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर, जो वर्ष 1980 से आस्था का केंद्र रहा है, अब एक नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी की पहल पर पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना के अंतर्गत सड़क, पक्के रास्ते और अन्य बुनियादी सुविधाओं का कार्य जारी है। प्रतिमा निर्माण का काम जयपुर के प्रसिद्ध मूर्तिकार को सौंपा गया है।

SK
previous arrow
next arrow
rising
previous arrow
next arrow

Most Popular

You cannot copy content of this page