शासकीय महाविद्यालय करतला की सात दिवसीय विशेष रासेयो शिविर (ग्राम मदवानी) का हुआ समापन

रायगढ़ – – कोरबा (रामपुर।)शासकीय महाविद्यालय करतला की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया ।वहीं इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए सुरेश पटेल ने बताया कि नशा मुक्त समाज के लिए युवा थीम पर ग्राम मदवानी में कार्यक्रम अधिकारी प्रभा शंकर यादव एवं सहायक कार्यक्रम अधिकारी मंजू पटेल के नेतृत्व में शिविर के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि श्रीमती– पद्मावती राठिया सरपंच ग्राम पंचायत मदवानी, शामिल हुए, अध्यक्षता डॉ संजय कुमार यादव, विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान, शासकीय महाविद्यालय करतला ने की। विशिष्ट अतिथि सुनीता प्रजापति सेवा निवृत शाला प्रबंधन,प्रमिला सारथी भूतपूर्व पंच, घसिया राम राठिया पंच , प्रधान पाठक रजमोती राठिया एवं सहा.शिक्षिका यशोदा राठिया, अन्य गणमान्य नागरिक एवं अतिथि गण शामिल हुए। मां सरस्वती एवं महापुरुषों के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

मुख्य अतिथि ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा लाए गए जागरूकता संदेश से निःसंदेह गांव के लोग जागरूक होंगे। प्राचार्य ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना एक ऐसा मंच है, जहां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व में निखार आता है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन कर उनका मनोबल बढ़ाया। शिविर के द्वितीय दिवस में स्वयंसेवकों ने प्रातः कालीन प्रार्थना गीत के बाद ग्राम के मोहल्लों में प्रभात फेरी निकालकर लक्ष्य गीत, सद्भावना गीत एवं विभिन्न प्रेरक नारों के माध्यम से ग्राम वासियों को जागरूकता संदेश दिए। परियोजना कार्य में स्वयंसेवकों ने प्राथमिक स्कूल एवं पूर्व माध्यमिक शाला परिसर के आसपास तथा सड़क के किनारे साफ-सफाई कर स्वच्छता अभियान चलाया। दोपहर में बौद्धिक परिचर्चा के दौरान अतिथि वक्ताओं द्वारा समाज में युवाओं का दायित्व तथा स्वामी विवेकानंद जी के जीवन दर्शन पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य मृगेश कुमार यादव एवं सहा.प्राध्यापक डॉ. प्रीति लता मिंज, अध्यक्षता प्रभाशंकर यादव एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ने की। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न लोक नृत्य एवं संदेशात्मक नाटक प्रस्तुत किए गए। शिविर के तृतीय दिवस प्रार्थना गीत, प्रभात फेरी एवं योगा के पश्चात परियोजना कार्य के अंतर्गत दोनों स्कूल परिसर के आसपास के साफ सफाई की गई। बौद्धिक परिचर्चा में जल संरक्षण एवं संवर्धन विषय पर चर्चा के पश्चात निःशुल्क न्यूरोथेरेपी शिविर का आयोजन डॉ. प्रकाश कुमार परतेती के द्वारा किया गया, जिसका लाभ सभी शिविरार्थियों एवं ग्रामवासियों ने लिया। सायंकाल मे रासेयो खेल, जनसंपर्क एवं रात्रि कालीन कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई।विशेष शिविर के चौथे दिन दिनचर्या के अनुरूप विविध कार्यक्रम संपन्न किए गए। परियोजना कार्य में शास. प्राथमिक शाला के परिसर में एक स्थाई निर्माण के अंतर्गत चबूतरा बनाने के लिए ढांचा का निर्माण किया गया। गांव गली में संदेशात्मक प्रेरक नारों के द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया । बौद्धिक परिचर्चा में राष्ट्रीय सेवा योजना का इस वर्ष का थीम नशा मुक्त समाज के लिए युवा पर वक्ता मंजू पटेल के द्वारा व्याख्यान दिया गया। नाबार्ड जीवा परियोजना से आए हुए अधिकारियों के द्वारा जीवाअमृत बीजामृत एवं प्राकृतिक खेती के बारे में विस्तार से बताया गया।

बौद्धिक परिचर्चा के बाद संध्याकाल में वाय. के. तिवारी जिला संगठक, जिला कोरबा का आगमन हुआ। उन्होंने शिविर का निरीक्षण किया ।स्वयंसेवकों से बातचीत किए, उन्हें नियमित गतिविधि में सहभागिता करने,एकदिवसीय शिविर लगाने एवं डिजिटल साक्षरता को जानने के लिए प्रेरित किया। शिविर के पंचम दिवस बौद्धिक परिचर्चा में महाविद्यालय के राजनीति विभाग के प्राध्यापक डॉ. संजय कुमार यादव, डॉ. प्यारेलाल आदिले , डॉ. मनोज गुप्ता, आकाश कुमार यादव आदि अतिथियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना से चरित्र का कैसे विकास होता है, आदि बातों का विस्तार से जानकारी दिए। छठवें दिवस प्राथमिक शाला के परिसर में आम पेड़ के पास बनाए जा रहे चबूतरा को अंतिम रूप दिया गया। शिविर के दौरान महाविद्यालय के बाउंड्री वालों की पुताई एवं दीवार लेखन का कार्य स्वयंसेवकों के द्वारा किया गया । प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम में विविध संदेशात्मक नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्राम वासियों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। जिसमें नशा मुक्त अभियान , दहेज प्रथा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। यह विशेष शिविर ग्राम मदवानी में अपनी गरिमा एवं दिनचर्या के अनुरूप संचालित हुआ जिसका समापन सातवें दिन सोमवार को ग्राम सरपंच श्रीमती पद्मावती राठिया के मुख्य आतिथ्य में किया गया।



