आध्यात्म

2 अगस्त को सर्वार्थ सिद्धि योग पर मनाई जाएगी सावन मास की शिवरात्रि


भरत कूप शिव मंदिर में होगी विशेष पूजा-अर्चना, शिवभक्तों की उमड़ेगी भीड़

रायगढ़ – – शिव मंदिरों में 2 अगस्त को सावन शिवरात्रि मनाई जाएगी। इस बार सावन शिवरात्रि पर सर्वार्थ सिद्धि योग का निर्माण हो रहा है। इसके कारण इसका महत्व काफी बढ़ गया है। शहर के गौरीशंकर मंदिर, बूजीभवन चौक स्थित पिपलाक्ष्य मंदिर, सती गुड़ी चौक स्थित भरतकूप शिव मंदिर, निकले महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में सावन शिवरात्रि पर विशेष पूजा-अर्चना व धार्मिक अनुष्ठान होंगे। भगवान शिव की पूजा-अर्चना व जलाभिषेक करने शिवालयों में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ेगी।

भजन – कीर्तन का होगा आयोजन – – भरत कूप शिव मंदिर के पुजारी पं. कमल शर्मा ने बताया कि शिव भक्तों के लिए सावन शिवरात्रि का महत्व महाशिवरात्रि के समान ही होता है। श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को सावन शिवरात्रि मनाई जाती है। इस साल सावन शिवरात्रि के दिन सर्वार्थ सिद्धि योग का निर्माण हो रहा है। इसके कारण इसका महत्व काफी बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि शहर के मध्य स्थित भरत कूप मंदिर में भैया भरत के साथ बजरंग बली व शिव परिवार दुर्गा माति की प्रतिमाएं भी विराजमान हैं, इस मंदिर के प्रति शहरवासियों की अपार श्रद्धा है। वैसे तो यहां पूजा-अर्चना के लिए प्रतिदिन श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन सावन मास में भक्तों की संख्या बढ़ जाती है। सावन शिवरात्रि के शुभ अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना होगी। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भजन-कीर्तन सहित अन्य आयोजन होंगे। भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

पूजा का शुभ मुहूर्त – – पं. कमल शर्मा ने बताया कि इस बार श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि 2 अगस्त शुक्रवार को दोपहर 3 बजकर 26 मिनट से शुरू हो रही है। यह तिथि 3 अगस्त शनिवार को दोपहर 3 बजकर 50 मिनट पर खत्म होगी। ऐसे में सावन शिवरात्रि का व्रत और पूजन 2 अगस्त शुक्रवार को होगा। 2 अगस्त को सावन शिवरात्रि के अवसर पर सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है। उस दिन यह योग सुबह 10 बजकर 59 मिनट से शुरू होगा और देर रात 12 बजकर 49 मिनट तक मान्य होगा। ऐसे में सावन शिवरात्रि की पूजा इस योग में होगी, जो भक्तों की मनोकामनाओं की पूर्ति में सहायक होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page