होटल हिल व्यू में सावन की संस्कृति और नारी शक्ति का दिखा मनमोहक संगम
रायगढ़ – – लीनेस क्लब सृजन एवं श्यामा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में होटल हिल व्यू में भव्य एवं मनमोहक सावन उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सृजन क्लब की सचिव ली सरला पटेल एवं श्यामा क्लब की अध्यक्ष ली यशवंती पंडा के नेतृत्व में किया गया।
सावन उत्सव में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सावन के गीत, नृत्य, मनोरंजक खेल एवं विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद लिया। हरे परिधानों और पारंपरिक श्रृंगार से कार्यक्रम स्थल सावन के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से रीजन ऑफिसर ली अनुषा कातोरे एवं रीजन एडवाइजर ली आरती तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनकी उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया तथा उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि सावन उत्सव भारतीय संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति का सुंदर प्रतीक है। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जोड़ने के साथ-साथ आपसी प्रेम, सोहद्र और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। मनोरंजक गेम कराए गए तथा सभी सदस्यों ने हाऊजी भी खेली । गेम के विजेताओं कोक्रमशः पहला , दूसरा , तीसरा और चौथा गिफ्ट भी दिया गया ।
कार्यक्रम में लीनेस क्लब रायगढ़ सृजन और लीनेस क्लब रायगढ़ श्यामा के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यों की उपस्थिति रही । सभी सदस्यों ने उत्सव का भरपूर आनंद लिया और आयोजन को यादगार बनाने में अपना योगदान दिया। अंत में सभी अतिथियों ने हाई टी का आनंद उठाया तथा प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए सावन उत्सव का समापन हर्ष एवं उल्लास के साथ किया गया।







